- अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वालों पर बल प्रयोग करना सरकार की दमनकारी सोचः गोदियाल
- सरकार को समझना होगा कि लाठीचार्ज से समस्याएं समाप्त नहीं होती
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विगत दिवस देहरादून में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) के जवानों पर पुलिस की और से किए गए बर्बर लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की आवाज को पुलिस की लाठियों के दम पर दबाना चाहती है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह के माध्यम से जारी बयान में गणेश गोदियाल ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ये वही जवान हैं जो प्रदेश की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं देते हुए राज्य की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनके भविष्य, रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर सरकार की उदासीनता समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार का दायित्व है कि वह आंदोलनकारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करे, लेकिन भाजपा सरकार संवाद के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपना रही है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की सेवा करने वाले जवानों को अपनी ही सरकार के सामने न्याय की गुहार लगाने पर पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पीआरडी जवानों के न्यायोचित संघर्ष के साथ खड़ी है। सरकार को यह समझना होगा कि लाठीचार्ज से समस्याएं समाप्त नहीं होतीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच अविश्वास बढ़ता है। सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर संवेदनशीलता के साथ जवानों की मांगों का समाधान करना चाहिए।









