Sunday, November 22, 2026
Home National मां की अंतिम विदाई में भावुक हुए योगी आदित्यनाथ

मां की अंतिम विदाई में भावुक हुए योगी आदित्यनाथ

मां की अंतिम विदाई में भावुक हुए योगी आदित्यनाथ

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट (चंडी घाट) पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखण्ड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गहरे शोक में डूब गए। शनिवार को वह परिवार के सदस्यों के साथ अपनी मां की अंतिम यात्रा में शामिल होने हरिद्वार पहुंचे।

पैतृक गांव पंचूर से शनिवार सुबह सावित्री देवी की पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार रवाना किया गया। अंतिम यात्रा लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग से होते हुए चंडी घाट पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

चंडी घाट पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह भावुक नजर आए। परिवार के सदस्यों और उपस्थित लोगों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुखाग्नि दी।

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी चंडी घाट पहुंचे और सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा उत्तराखण्ड शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और बृजेश सिंह सहित दोनों राज्यों के कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। हरिद्वार के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गोरखपुर के सांसद रवि किशन तथा उत्तराखण्ड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

अंतिम संस्कार में धार्मिक जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, योग गुरु स्वामी रामदेव, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद, आचार्य बालकृष्ण, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, आचार्य प्रमोद कृष्णम, श्रीमहंत रूपेंद्र प्रकाश, बाबा हठयोगी, महंत संजय महाराज, महंत ऋषिश्वरानंद, स्वामी कल्याण देव महाराज आदि ने श्रद्धांजलि अप्रित की।

वहीं, यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बृजेश सिंह, के.पी. मलिक, दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, गुलाब देवी, धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह, बलदेव सिंह औलख, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गोरखपुर सांसद रवि किशन, सुरेंद्र दिलेर, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, डॅा. धनसिंह रावत, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, स्वामी दर्शन भारती, उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी ए.पी.अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सावित्री देवी के अंतिम दर्शन कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सावित्री देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखण्ड के पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया। विपक्षी दलों के नेताओं ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना प्रकट की। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां को याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि मां की छांव जैसा कोई दूसरा सहारा नहीं होता। मां का स्नेह, संरक्षण और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। सावित्री देवी के निधन से उनके पैतृक गांव पंचूर सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़ ने उनके प्रति लोगों के सम्मान और परिवार के प्रति संवेदनाओं को व्यक्त किया।