Wednesday, November 11, 2026
Home Crime 14 लाख की लूट में दो और आरोपी गिरफ्तार, बजरंग दल नेता...

14 लाख की लूट में दो और आरोपी गिरफ्तार, बजरंग दल नेता अभी भी फरार

14 लाख की लूट में दो और आरोपी गिरफ्तार, बजरंग दल नेता अभी भी फरार

देहरादून। उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में जमीन के सौदे के लिए ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मंगलवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपी को टिहरी जिले के चंबा से और दूसरे को देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 70 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस कुल 2 लाख 20 हजार रुपये बरामद कर चुकी है। हालांकि, लूट की पूरी रकम अभी बरामद नहीं हो सकी है। मामले में नामजद बताए जा रहे बजरंग दल नेता सिद्धार्थ बड़ौनी समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे नकदी ले जाने की पूर्व जानकारी को अहम कड़ी माना गया है। नौ नवंबर को गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से पूछताछ में सामने आया था कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। आरोपियों को जानकारी मिली थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे के सिलसिले में भारी रकम लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहे हैं। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

सात नवंबर को जब राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ इंद्रेश अस्पताल के पास पहुंचे तो एक्टिवा और बाइक सवार युवकों ने उनका वाहन रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने वाहन में सवार लोगों के साथ मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा 14 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 859/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 310(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र, सर्विलांस और सुरागरसी-पतारसी के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

नौ नवंबर को पुलिस ने सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27), जसमीत सिंह (18) और शक्ति सिंह (47) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.50 लाख रुपये बरामद किए थे। इसके बाद मंगलवार को कर्ण यादव (24) और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू (23) को गिरफ्तार किया गया।

-कर्ण यादव (24), मूल निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश, वर्तमान पता देहराखास, देहरादून। चंबा, टिहरी से गिरफ्तारी। 32 हजार रुपये बरामद।
-सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू (23), निवासी नई बस्ती, गांधीग्राम, पटेलनगर, देहरादून। पटेलनगर से गिरफ्तारी। 38 हजार रुपये बरामद।
-सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27), निवासी बिहारीगढ़, सहारनपुर।
-जसमीत सिंह (18), निवासी सुंदरपुर, सहारनपुर।
-शक्ति सिंह (47), निवासी राजपुर रोड, देहरादून।

इस प्रकरण में पटेलनगर कोतवाली पुलिस की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह तथा कांस्टेबल पंकज कुमार, गौरव कुमार, सूरज राणा और संदीप कुमार शामिल रहे।

इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल लूटी गई रकम की बरामदगी को लेकर है। पुलिस अब तक पांच आरोपियों से 2 लाख 20 हजार रुपये बरामद कर चुकी है, जबकि 11 लाख 80 हजार रुपये की बरामदगी बाकी है। पुलिस के सामने अब फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही शेष रकम बरामद करने की चुनौती है। सिद्धार्थ बड़ौनी समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आरोपियों की भूमिका और कथित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

The post 14 लाख की लूट में दो और आरोपी गिरफ्तार, बजरंग दल नेता अभी भी फरार appeared first on Ummid E Jaha.