देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्धा रेखा बंसल की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हत्या का आरोप घर में काम करने वाले नौकर पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मृतका के पति से मजदूरी के बकाया पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। रुपये मांगने के दौरान वृद्धा से विवाद होने पर आरोपी ने पहले कड़े से उनके चेहरे पर वार किया।
वृद्धा के चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद वह उनके हाथ से सोने का कड़ा निकालकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी घर में अचेत पड़ी हैं और चेहरे पर चोट के निशान हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से जांच कराई, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मामले में रायपुर थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच में विनीत कुमार निवासी उत्तरकाशी का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब 15 साल से बंसल परिवार को जानता था और उनकी डिस्पेंसरी रोड स्थित बुक शॉप में हेल्पर का काम करता था। इसके अलावा वह गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड भी था। घटना वाले दिन वह बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। घर के पीछे का दरवाजा खुला होने की जानकारी होने के कारण वह अंदर चला गया। वहां रेखा बंसल अकेली थीं।
बकाया मजदूरी मांगने पर विवाद हुआ और उसने हमला कर दिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया कड़ा, घटना में इस्तेमाल किया गया आरोपी का कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र ने पांच हजार और एसएसपी देहरादून ने 2500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Related






