- मकातिब-मदारिस के मुद्दे पर हुई चर्चा
- प्रतिनिधिमंडल ने रखीं समस्याएं, समाधान के लिए सकारात्मक पहल का किया आग्रह
देहरादून। उत्तराखंड में मकातिब और मदारिस से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चार विधायकों और जमीअत उलेमा-ए-हिंद के प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित मामलों को मुख्य सचिव के समक्ष रखते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भगवानपुर विधायक ममता राकेश, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार जाति, कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद और लक्सर विधायक हाजी शहजाद ने किया। इस दौरान मकातिब और मदारिस से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा व्यवस्थाओं को लेकर सामने आ रही समस्याओं के समाधान का आग्रह किया गया।
बैठक में जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली क़ासमी, मौलाना क़ारी शमीम, मुफ्ती तौफ़ीक़ इलाही, मौलाना हारून और मोहम्मद शाहनज़र सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मकातिब और मदारिस शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थान हैं।
इनके संचालन से संबंधित समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी समन्वय के माध्यम से किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से इस दिशा में सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
Related




