दिल्ली रैली में पहुंचे कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में रविवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड से हजारों कांग्रेसजनों व समर्थकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस विशाल भागीदारी के लिए उत्तराखंड से दिल्ली पहुंचे सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
गणेश गोदियाल ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा इंडिया गठबंधन के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस महारैली ने केंद्र की भाजपा सरकार को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि देश की जनता अब उसकी जनविरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस महारैली में उमड़ी यह भीड़ भाजपा सरकार को स्पष्ट संदेश है कि जनता अब महंगाई, आर्थिक बदहाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने वाली नीतियों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग भी कांग्रेस मजबूती से उठाती रहेगी। (2/3)— Ganesh Godiyal (@UKGaneshGodiyal) November 1, 2026
https://platform.x.com/widgets.js
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, वहीं दूसरी ओर अपने चहेते उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने और उनके कर्ज माफ करने का काम किया जा रहा है। भाजपा सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।
उत्तराखंड की धामी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में विपक्षी दल के नेताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। सरकार की इस दमनकारी कार्यशैली को कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की अस्मिता और सम्मान की लड़ाई है। इसमें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को आगे आकर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
गोदियाल ने कहा कि आज दिल्ली के रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के समर्थन से लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा की लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंचेगी।
गणेश गोदियाल ने दिल्ली महारैली को सफल बनाने में योगदान देने वाले उत्तराखंड के सभी वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों तथा हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।









